मुजफ्फरनगर जिले के गांव मुकुंदपुर में एक किसान की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने किसान की कटी ही हुई गर्दन में दो गोलियां भी उतार डाली।
वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी फरार हो गए। चार घंटे देर से पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के काफी विरोध का सामना करना पड़ा। आठ घंटे तक ग्रामीणों ने शव पुलिस को उठाने नहीं दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि हत्या हिंसा की ही एक कड़ी है। भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत के आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
तितावी थाना क्षेत्र के मुकंदपुर गांव निवासी बोहरम सिंह पुत्र छितर सिंह ने धान के खेत में जंगली जानवरों से बचाव के लिए कटीले तार लगा रखे हैं। मंगलवार शाम बोहरम सिंह साइकिल से तारों में करंट छोड़ने गया था, लेकिन रात में घर नहीं लौटा।
बुधवार की सुबह करीब छह बजे किसान का भतीजा रवि खाद लेकर खेत पर पहुंचा। उसने गांव के ही सतवीर सिंह के खेत में बोहरम सिंह का लहूलुहान शव पड़ा देखा तो मामले की सूचना गांव में दी।