सख्त प्रशासकों में शुमार रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जगमोहन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में काशी के उद्धार का जिम्मा दे सकते हैं। बतौर राज्यपाल, केंद्रीय पर्यटन और शहरी विकास मंत्री अपनी प्रशासन क्षमता का लोहा मनवा चुके जगमोहन खुद प्रधानमंत्री की पसंद हैं।
बीते दिनों प्रधानमंत्री की जगमोहन से इस मुद्दे पर की गई गंभीर मंत्रणा के बाद इसकी संभावना और बढ़ गई है। इस बारे में पीएम मोदी और जगमोहन की एक और मुलाकात होगी और फिर जगमोहन को काशी विकास समूह का अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की जाएगी।
अरसे से सक्रिय राजनीति के पर्दे से पूरी तरह गायब दिख रहे दिग्गज प्रशासक जगमोहन जल्द ही फिर से एक अहम भूमिका में नजर आ सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक काशी को साफ सफाई से ले कर अन्य सभी मामलों में चुस्त दुरुस्त करने के लिए मोदी ने जगमोहन का चयन किया है।