सीबीआई ने गुजरात में सादिक जमाल के कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) और पूर्व खुफिया ब्यूरो प्रमुख एन संधु से पूछताछ की है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक यह पूछताछ इस हफ्ते हुई थी। कथित तौर पर खुफिया ब्यूरो से प्राप्त सूचना के आधार पर ही गुजरात क्राइम ब्रांच ने जमाल का एनकाउंटर किया गया था। इसी संबंध में संधु से सवाल किए गए।
संधु से पछूताछ को इसलिए भी जरूरी बताया गया है क्योंकि जांच से मिले संकेतों के मुताबिक इस एनकाउंटर के लिए दी गई सूचना की जानकारी एनएसए के वरिष्ठ अधिकारियों को भी होने की संभावना है।
आईबी की ओर से सूचना दी गई थी कि जमाल गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और विहिप के कुछ नेताओं को मारने की योजना बना रहा है। इसमें जमाल को आतंकवादी बताया गया था।
इस सूचना के आधार पर भावनगर के रहने वाले जमाल का 13, जनवरी 2003 में अहमदाबाद में गुजरात क्राइम ब्रांच ने एनकाउंटर किया था।
अन्य अधिकारियों से भी हुई पूछताछ
संधु उस समय आईबी के साथ ऑपरेशन्स में संयुक्त निदेशक थे। सूत्रों के मुताबिक संधु से आईबी की उस सूचना, जमाल को मुंबई पुलिस की हिरासत से गुजरात भेजने और अन्य जानकारियों के संबंध में सवाल पूछे गए।
इससे पहले सीबीआई ने आईबी के पूर्व विशिष्ट निदेशक सुधीर कुमार और राजेंद्र कुमार से भी इस मामले में पूछताछ की थी।
जहां जमाल को गुजरात पुलिस आतंकवादी बताती है वहीं, जमाल के भाई शाबिर ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताया है। उन्होंने राजेंद्र कुमार, पूर्व राज्य गृहमंत्री अमित शाह और नरेंद्र मोदी की भूमिका की जांच की मांग की है।