यूपी में जालौन का पहला एमबीबीएस होने का गौरव हासिल करने वाले डॉक्टर को पुलिस ने दो किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। डॉक्टर को शहर के एक लॉज के पास हेरोइन का पैकेट अपने दूसरे साथी को थमाते समय पकड़ा गया।
एसपी सुनील सक्सेना ने बरामद हेरोइन की इंटरनेशनल मार्केट में कीमत दस करोड़ रुपये आंकी है। आरोपी डॉक्टर के साथ उसका एक साथी भी पकड़ा गया है। डॉक्टर से पूछताछ में पता चला है कि वह हेरोइन सप्लाई करने के साथ ही मरीजों को दवाओं में मिलाकर भी देता था। तस्करी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।
एसपी सुनील सक्सेना के मुताबिक जालौन की पुरानी हाट निवासी डॉ. महेश चंद्र गुप्ता की सब्जी मंडी के पास जालौन नर्सिंग होम नाम से डिस्पेंसरी हैं। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित टिरकोन कोरियर कंपनी से डॉक्टर के घर हेरोइन का पैकेट आने वाला है। जानकारी करने पर पता चला कि डॉक्टर उरई स्थित श्रीराम कोरियर में बार-बार फोन कर पैकेट के बारे में पूछ रहा है।