वाराणसी के राजकीय महिला चिकित्सालय में उस समय हंगामा मच गया जब ऑपरेशन थियेटर में ही एक डॉक्टर और नर्स में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। जिसमें डॉक्टर की पिटाई से नर्स के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
घटना शनिवार सुबह की है। चेतगंज के तेलियाना निवासी कारोबारी रमेश वर्मा की पत्नी इंदु देवी को महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। दर्द से परेशान महिला के ईलाज के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शैला त्रिपाठी ऑपरेशन के लिए पहुंची।
इसी दौरान ऑपरेशन थियेटर में बेहोशी के डॉक्टर एसके शाही और एक नर्स के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। हालांकि इस विवाद के बाद भी किसी तरह पीड़ित महिला का ऑपरेशन हो गया, लेकिन घटना के बाद ऑपरेशन के इंतजार में बैठी 6 अन्य महिलाओं को खाली हाथ ही अस्पताल से लौटना पड़ा।
डॉक्टर की पिटाई से नर्स के पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में नर्स की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।
मौके पर पहुंचे अपर निदेशक ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उनका कहना है कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर घटना से नाराज नर्सों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है।