कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा और नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर हमला बोला। सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का भाषण खत्म होन के बाद दिग्विजय सिंह ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और भाषण की तारीफ के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नसीहतें दे डाली हैं।
दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में कहा, "मोदी जी धार्मिक उन्माद फैलाने वाले लोगों पर लगाम लगाइए चाहे वे किसी भी धर्म के हों। धर्म के नाम पर देश को बांटना बंद करिए।" उन्होंने कहा कि ओबामा ने मोदी को आईना दिखा दिया। शाबाश ओबामा जी। मोदी जी आपकी चाय पर गपशप में भारतीय संविधान की अनुच्छेद 25 पर चर्चा तो हुई होगी? सबक लीजिए।
ओबामा ने अपने भाषण में अनुच्छेद 25 की चर्चा की, जिसके तहत भारतीयों को अपने धर्म का प्रचार करने की छूट मिली हुई है। दिग्विजय सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ओबामा आपका धन्यवाद कि आपने 'अपने धर्म का प्रचार करने' के भारतीय अधिकार का बखूबी जिक्र किया। दिग्विजय ने कहा कि क्या मोदी अपने मित्र बराक ओबामा की सलाह मानेंगे और विश्व हिंदू परिषद समेत मोहन भागवत से कहेंगे कि वो घर वापसी पर अपने स्पष्टीकरण को बंद करें।
उल्लेखनीय है कि पिछले चंद महीनो में लव जिहाद, धर्म परिवर्तन जैसे मसलों पर मोदी सरकार की काफी आलोचना होती रही है। भाजपा के सांसदों साक्षी महाराज और निरंजन ज्योति के बयानों के कारण भी मोदी सरकार की किरकिरी हुई है।