13 साल पुराने 'हिट एंड रन' केस में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बरी होने के बाद से ही यह सवाल उठ रहा है दुर्घटना की रात कार कौन चला रहा था? बांबे हाईकोर्ट ने भी 305 पन्नों के अपने फैसले में इस सवाल की पड़ताल करने से मना कर दिया है।
28 सितंबर, 2002 की रात में मुंबई में सलमान खान की कार से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार घायल हो गए थे। निचली अदालत ने सलमान को 'हिट एंड रन' का दोषी मानते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी। बांबे हाईकोर्ट ने पिछले सप्ताह दिए फैसले में अभियोजन पक्ष के सबूतों को कमजोर मानते हुए उन्हें बरी कर दिया।
बांबे हाईकोर्ट ने अपने फैसले में ये कहा कि अभियोजन पक्ष ये स्थापित कर पाने में नाकामयाब रहा है कि 28 सितंबर की रात सलमान खान ने शराब पी थी और उस कार को वही चला रहे थे, जिससे बांद्रा के फुटपाथ पर दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। ऐसे में कोर्ट इस मामले पड़ताल नहीं कर सकता कि उस रात कार कौन चला रहा था?