यूपी में अमरोहा के बछरायूं में खुद को आईएम का आतंकी बताते हुए एक व्यक्ति ने पालिकाध्यक्ष से दस लाख रुपये की मांग की है। रुपये नहीं देने पर परिवार सहित उन्हें उड़ाने की धमकी भी दी है। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष के मोबाइल फोन पर एक हफ्ते के भीतर आठ एसएमएस भेजे गए हैं। इन्हीं मैसेज के जरिए भाजपा और आरएसएस के बड़े नेताओं की हत्या करने का जिक्र भी किया गया है।
पालिकाध्यक्ष ने शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों को इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
सात नवंबर को पालिकाध्यक्ष अफसर अली वारसी के मोबाइल पर एक एसएमएस आया। इसमें स्वयं को इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) का आतंकी बताने वाले व्यक्ति ने आरएसएस व भाजपा के बड़े नेताओं की हत्या के लिए आधुनिक हथियार खरीदने के लिए दस लाख रुपये मांगे थे। खुद को आतंकी बताने व्यक्ति ने मैसेज में लिखा कि उसे किसी भी सुरक्षा एजेंसी का डर नहीं है। उसकी बात न मानने पर पूरे परिवार को उड़ा देने की धमकी दी।