चलती बस में गैंगरेप मामले में दिल्ली पुलिस ने पूरी तेजी दिखाते हुए रिकॉर्ड समय में करीब 1000 पन्नों की चार्जशीट लगभग तैयार कर ली है। पुलिस इस चार्जशीट को 3 जनवरी को कोर्ट में दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक वकीलों से सलाह मशविरा करके तैयार की गई चार्जशीट में 30 गवाहों के नाम शामिल किए गए हैं। अभियुक्तों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, इसके लिए पुलिस ने पुख्ता साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस को डर सता रहा है कि अगर इस मामले में कोई भी कमी रह गई तो उसे एक बार फिर लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ सकता है।
आरोप पत्र में युवती को अस्पताल ले जाने वाले पुलिसकर्मियों, जांच से जुड़े कई अन्य पुलिसकर्मियों के अलावा युवती का इलाज करने वाले डॉक्टरों और उसके दोस्त का नाम भी गवाह के तौर पर शामिल है। पुलिस ने कहा है कि वह इस मामले के आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग करेगी।
हालांकि दिल्ली सरकार की फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) ने भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट अभी तक तैयार नहीं की है। पुलिस को इस रिपोर्ट का भी इंतजार है। मालूम हो कि मामले में 17 साल के एक किशोर समेत छह आरोपी हैं।