रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कहा है कि भारत सियाचिन ग्लेशियर से सेना नहीं हटाएगा। इस मामले में पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। भारतीय सेना के हटने पर वह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस जगह पर कब्जा कर सकता है।
परिकर ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि सियाचिन से हटने पर और अधिक जिंदगियों का नुकसान हो सकता है। उन्होंने 1984 का अनुभव याद दिलाया, जब इस हिस्से से पाकिस्तान को बेदखल करने के लिए भारत को खूनी लड़ाई लड़नी पड़ी थी।
उन्होंने सेना के जवानों के हौसले को सलाम करते हुए कहा, ‘मैं जानता हूं कि हमें इसके लिए कीमत देनी होगी लेकिन इस पोजिशन को बरकरार रखना होगा। यह जगह रणनीतिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।'