बसपा नेता और अरबपति कारोबारी दीपक भारद्वाज हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने अहम सबूत मिलने का दावा किया है।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने एक नहर से कुछ हथियार बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि इन्हीं हथियारों से मामले के मुख्य अभियुक्त शूटर पुरुषोत्तम राणा ने दीपक की हत्या की होगी।
उल्लेखनीय है कि बसपा नेता और अरबपति कारोबारी दीपक भारद्वाज की हत्या 26 मार्च को दिल्ली स्थित फार्महाउस पर की गई थी।
इधर स्वामी के मोबाइल फोनों की कॉल डिटेल से यह खुलासा हुआ है कि दीपक भारद्वाज की हत्या के लिए शूटर पुरुषोत्तम राणा को सुपारी देने वाला स्वामी प्रतिमानंद दीपक के संपर्क में नहीं था। प्रतिमानंद महाराष्ट्र का रहने वाला है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रतिमानंद पांच मोबाइल फोन इस्तेमाल करता था। कॉल डिटेल से ये बात सामने आई है कि वह राणा को अक्सर फोन करता था। वारदात से दो दिन पहले ही स्वामी के सभी मोबाइल फोन बंद हो गए थे।
पुलिस कॉल डिटेल से यह भी पता लगा रही है कि स्वामी किन-किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्वामी के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।
हत्या की पड़ताल के दौरान ये बात भी सामने आई है कि कारोबारी के घर में एक युवती की वजह से अक्सर झगड़ा होता था। यह युवती दीपक भारद्वाज के एक कार्यालय में काम करती है।
पुलिस को दीपक के लीगल एडवाइजर (वकील) पंकज की भी तलाश है। बताया जा रहा है कि पंकज को सौदे और विवादास्पद प्रॉपर्टी की जानकारी थी। वारदात के बाद से ही वह गायब है।