लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का पाकिस्तानी-अमेरिकन आतंकी डेविड हेडली कश्मीर में सक्रिय रूप से भारतीय सेना के खिलाफ लड़ना चाहता था लेकिन एलईटी के कमांडर जकीउर रहमान लखवी ने उसे रोकते हुए कहा था कि उसके पास करने के लिए कुछ और रोमांचकारी काम हैं। लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने बताया कि आतंकी हेडली ने खुद कहा है कि वह कश्मीर में भारतीय सेना के खिलाफ लड़ना चाहता था।
उन्होंने कहा, ‘हेडली ने मेजर इकबाल और मेजर अली के बारे में काफी कुछ खुलासा किया, दोनों आईएसआई में थे। यह मेजर इकबाल ही था जिसने हेडली को प्रशिक्षित किया था। इसके अलावा उसने कोर्ट के सामने एलईटी के कुछ और प्रशिक्षकों का खुलासा किया।’ उन्होंने कहा कि मंगलवार को और ज्यादा महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे जाएंगे और अभियोजन पक्ष सच्चाई सामने लाने की कोशिश करेगा।
निकम ने कहा, ‘सोमवार को दिए बयान में हेडली ने जिन बातों का खुलासा किया है मैं उससे पूरी तरह संतुष्ट हूं। हेडली ने पूछताछ के दौरान कुछ सनसनीखेज जानकारियां दी हैं। उसने इस बात को पुख्ता किया है कि वह हाफिज सईद से मिला था और उसकी तस्वीर भी पहचानी है।’