उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री शंखलाल मांझी की बेटी शुक्रवार को इंटर गृहविज्ञान की परीक्षा में नकल करते पकड़ी गई। वाकया संतकबीरनगर में जयरामपट्टी स्थित सुंदरदेई बालिका इंटर कॉलेज का है। शिक्षा विभाग के अफसरों का सचल दल सुबह की पाली में इस परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। इस दौरान सचल दल ने दो छात्राओं को नकल सामग्री के साथ पकड़ लिया। दोनों की कॉपियां कब्जे में लेने के बाद उनके परीक्षा में शामिल होने पर रोक लगा दी।
विज्ञापन
इस बीच सचल दल को बताया गया कि नकल में पकड़ी गई एक छात्रा स्वास्थ्य राज्य मंत्री शंखलाल माझी की बेटी है। कॉलेज स्टाफ के मुताबिक यह पता चलते ही सचल दल के सदस्य वहां से चले गए। इस बाबत पूछने पर डीआईओएस संध्या श्रीवास्तव ने कोई जानकारी न होने की बात कहते हुए अपना फोन बंद कर लिया।
परीक्षा केंद्र सुंदरदेई बालिका इंटर कॉलेज जयरामपट्टी के प्रबंधक बाबूलाल यादव ने बताया कि नकल में पकड़ी गई दो छात्राओं में से एक शंखलाल मांझी की बेटी है। दोनों छात्राओं को परीक्षा से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
विज्ञापन
जिलाधिकारी अजय दीप सिंह ने भी स्वीकार किया कि सुंदर देई बालिका इंटर कॉलेज जयरामपट्टी में नकल करते पकड़े जानी वाली छात्राओं में स्वास्थ्य राज्य मंत्री शंखलाल मांझी की बेटी शामिल है।
पूछे जाने पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण राज्य मंत्री शंखलाल मांझी ने बताया कि मैं पिछले दो दिन से दिल्ली में हूं। मेरी बेटी यूपी बोर्ड की परीक्षा दे रही है, लेकिन उसे नकल में पकड़ा गया है मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मेरा मानना है कि मेरी पुत्री नकल नहीं कर सकती है।
यूपी बोर्ड: नकल मंडी पहुंचे हरियाणा-पंजाब के छात्र
नकल माफिया के जाल में फंसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एवं उत्तराखंड के कई छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड परीक्षा पास करने शहर एवं आसपास के केन्द्रों पर परीक्षा देने पहुंच गए हैं। इन परीक्षार्थियों में कई अधेड़ उम्र के परीक्षार्थी भी अंतिम समय में परीक्षा पास करने की कोशिश में लगे हैं। इन विद्यालयों के शिक्षकों एवं सचल दस्ते जुड़े लोगों की मानें तो इन परीक्षार्थियों में बड़ी संख्या दूसरे राज्यों की है। ये परीक्षार्थी शहर के कालिंदीपुरम, राजरूपपुर, नैनी, झूंसी सहित कई मोहल्लों में किराए का कमरा लेकर परीक्षा दे रहे हैं।
शहर की नकलमंडी कहे जाने वाले राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, नैनी, मेजा, सिरसा, झूंसी एवं कौशांबी के कई इंटर कॉलेजों में पिछले कई वर्षों से दिल्ली, गुड़गांव, लुधियाना, बरदपुर सहित उत्तराखंड के चमोली, नैनीताल, बाजपुर के कई परीक्षार्थी शहर के विद्यालयों से संस्थागत परीक्षार्थी के तौर पर परीक्षा देने आए हैं। बाहर से आए परीक्षार्थियों के बारे में पुष्टि सचल दस्ते में शामिल सदस्य ने बताया कि इन परीक्षार्थियों से बातचीत में पता चला कि यह स्थानीय नहीं हैं। छानबीन के बाद इन परीक्षार्थियों के दिल्ली, हरियाणा एवं पंजाब के अलग-अलग भागों से होने की पुष्टि हुई।
कालिंदीपुरम एवं राजरूपपुर के कई परीक्षा केन्द्रों पर चल रही परीक्षा में बाहरी छात्रों का बोलबाला है। इन परीक्षार्थियों ने राजरूपपुर, कालिंदीपुरम में किराए पर कमरे ले रखा है। मोहल्ले वालों ने जब इन परीक्षार्थियों से बातचीत शुरू की तो इस बात का खुलासा हुआ। नैनी में भी पंजाब, हरियाणा के कई छात्र परीक्षा देने आए हैं। जबकि झूंसी के कुछ विद्यालयों में उत्तराखंड के कई जिलों से परीक्षार्थी आए हैं। कौशांबी के अझुआ, मंझनपुर, भरवारी के दर्जनों इंटर कॉलेजों से बाहरी परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा पास करने आए हैं।
अलीगढ़ में नकल करने से रोकने पर दो परीक्षार्थियों ने केन्द्र व्यवस्थापक को जमकर पीट दिया। मारपीट के दौरान केन्द्र व्यवस्थापक के चोटें आई हैं। आरोपियों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। एफआईआर के बाद केन्द्र व्यवस्थापक ने धमकाने का आरोप लगाया है।
घटना आदर्श कृषि इंटर कॉलेज स्यारौल टप्पल की है। गुरुवार की शाम इंटरमीडिएट हिन्दी की परीक्षा चल रही थी। गांव के ही दो परीक्षार्थी कॉलेज में परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के दौरान उन्होंने नकल करना शुरू कर दिया। केन्द्र व्यवस्थापक हरीश चन्द्र ने उन्हें नकल करने से रोका। जिसका परीक्षार्थियों ने विरोध शुरू कर दिया। बात मारपीट तक पहुंच गई। मारपीट के दौरान केन्द्र व्यवस्थापक के चोटें आई हैं। मामले को गांव में ही बातचीत से हल करने की कोशिश की जाने लगी।
लेकिन प्रधानाचार्य का कहना है कि एक बार फिर आरोपियों ने अभद्रता शुरू कर दी। घटना की एफआईआर टप्पल थाने में दर्ज करा दी गई है। इस मामले में स्यारौल निवासी दोनों परीक्षार्थी विष्णु पुत्र लोकेंद्र और देवीलाल पुत्र दिगंबर को नामजद किया गया है। उधर, केन्द्र व्यवस्थापक हरीश चन्द्र का आरोप है कि जब वह टप्पल थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे थे तो दोनों आरोपी एक बार फिर घर पहुंच गए। तमंचा दिखाते हुए एफआईआर कराने का अंजाम भुगतने की धमकी देने लगे। उनका कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी है।