बुलंदशहर में चोला क्षेत्र के नगला तोता गांव के एक खेत में स्थित पेड़ पर बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेत के मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे युवक के घरवालों ने पंचायत के फरमान पर युवक को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया जबकि पुलिस ने ऐसे किसी मामले से इंकार किया है।
पुलिस का कहना है कि पंचायत की बात मनगढ़ंत है। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। फिलहाल जांच की जा रही है और मामले में कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल अभी तक पंचायत की बात कहीं से निकलकर सामने नहीं आयी है।
नगला तोता निवासी किसान सुरेंद्र पुत्र महावीर बुधवार सुबह अपने खेत में स्थित ट्यूबवेल पर पहुंचा। उसने खेत में खड़े नीम के पेड़ पर एक युवक का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका देखा। उसने ग्रामीणों और चोला पुलिस को तत्काल इसकी सूचना दी। ग्रामीण और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतारा गया।