प्रेमियों से शादी कराने की फरियाद लेकर मुरादाबाद में कुंदरकी थाने पहुंची दो बहनें शाम को दुल्हन बनकर विदा हुईं। पुलिस के दखल के बाद दोनों के परिजन भी उनके प्रेमियों से निकाह कराने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद थाने के पास ही एक ईंट भट्ठे पर निकाह के इंतजाम हुए और शाम को दोनों बहनें दुल्हन बनकर अपनी-अपनी ससुराल को विदा हो गईं।
बुधवार सुबह नानपुर निवासी अफरोज अपनी चचेरी बहन शबनम के साथ कुंदरकी थाने पहुंची और थानाध्यक्ष से कहा कि वह दोनों दो युवकों से प्रेम करती हैं और अपने-अपने प्रेमियों के साथ शादी करना चाहती हैं। लेकिन परिवार वाले और कुछ रिश्तेदार इस रिश्ते को मानने के लिए तैयार नहीं हैं और अड़ंगे लगा रहे हैं। युवतियों ने कहा कि यदि उनकी शादी उनके प्रेमियों के साथ नहीं कराई गई तो वह घर नहीं लौटेंगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को थाने बुला लिया। युवक और युवतियों के परिजन भी थाने बुला लिए गए। दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों पक्ष प्रेमी जोड़ों के निकाह पर रजामंद हो गए।
इसके बाद थाने के बगल में ईंट भट्ठे की कोठरी में हाफिज मोहम्मद आसिफ ने प्रेमी से दुल्हा बने महबूब निवासी सिकन्दपुर थाना मझोला का निकाह युवती अफरोज से जबकि आलम निवासी भोजपुर का निकाह युवती शबनम से कराया। निकाह के बाद शामिल लोगों ने दुल्हा-दुल्हनों को दुआओं से नवाजा गया और छुआरे बांटे गए। निकाह होने के बाद में दोनों युवतियां सुसराल के लिए रवाना हो गईं।