सूरत की दो बहनों से रेप मामले में आरोपी आसाराम को गांधीनगर कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब आसाराम 19 अक्तूबर तक गुजरात पुलिस की हिरासत में रहेंगे।
अहमदाबाद पुलिस आसाराम को सोमवार को अहमदाबाद लेकर आई थीं। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से 14 दिन की रिमांड मांगी थी।
आसाराम की पेशी के दौरान गांधीनगर सेशन कोर्ट परिसर में आसाराम के खिलाफ नारेबाजी हुई। कोर्ट के वकीलों ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
सूरत में आसाराम से पूछताछ भी की गई। आसाराम ने कहा कि उन पर लगे सभी आरोप गलत हैं और राजनीति से प्रेरित हैं।
वहीं, रेप मामले में फंसे नारायण साईं की अग्रिम जमानत याचिका पर आज सुनवाई टल गई। उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए गांधीनगर कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है।
नारायण साईं इस समय फरार चल रहे हैं। उन पर और आसाराम पर सूरत की दो बहनों ने कई साल तक दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगाया है।
पुलिस पिछले कई दिनों से नारायण साईं की तलाश कर रही है। उन पर लगातार कसते कानूनी शिकंजे के चलते उन्होंने जमानत याचिका दायर की थी लेकिन मंगलवार को इस पर सुनवाई टाल दी गई। अगली सुनवाई की तारीख 17 अक्तूबर तय की गई है।
हाल ही में नारायण साईं के वकील ने उनकी सफाई में एक विज्ञापन भी जारी किया था जिसमें साईं को पाक-साफ और अरोपों के झूट करार दिया गया था।
सूरत रेप मामले में आसाराम की पत्नी लक्ष्मी और बेटी भारती पर भी आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने भी गांधीनगर कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है।