साल 2014 के महासंग्राम में उतरी कांग्रेस और भाजपा के बीच ‘शहजादा’ शब्द पर जंग छिड़ गई है। कांग्रेस ने अपने उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की ओर से बार बार किए जा रहे ‘शहजादे’ शब्द के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई है।
पार्टी ने इसे अभद्र करार देते हुए भाजपा नेताओं के खिलाफ भी ऐसी ही भाषा का इस्तेमाल करने की चेतावनी दी है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने खुली धमकी देते हुए यह भी कह दिया कि कांग्रेस कार्यकर्ता दो दिनों में इस पर लगाम लगाने में सक्षम हैं।
उधर, इस धमकी से बेपरवाह मोदी ने शनिवार को उदयपुर की रैली में भी राहुल के लिए बार-बार ‘शहजादे’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए ताबड़तोड़ हमला किया।
भाजपा ने भी दो टूक कह दिया है कि वह भविष्य में भी राहुल को ‘शहजादा’ ही पुकारेगी। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि भविष्य में शहजादा पर राजनीतिक संग्राम और तल्ख हो सकता है।
चूंकि कांग्रेस की ओर से भाजपा को सीधी धमकी जनार्दन द्विवेदी की ओर से दी गई है। इसलिए माना जा रहा है कि राहुल के लिए ‘शहजादा’ शब्द का इस्तेमाल दस जनपथ को बेहद नागवार गुजरा है।
यह भी माना जा रहा है कि भाजपा को सतर्क करने के लिए ही केंद्रीय मंत्री बेनीप्रसाद वर्मा ने शुक्रवार को मोदी के लिए बेहद आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था। द्विवेदी ने राहुल के लिए शहजादा शब्द को अभद्र करार देते हुए कहा कि ऐसी भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा को आचार संहिता और कानून का सम्मान करने की नसीहत देते हुए कहा कि रैलियों में कांग्रेस उपाध्यक्ष के लिए विपक्ष भाषा के मामले में वैसे ही आदर बरते जैसा खुद राहुल बरतते आए हैं।
उधर, मोदी ने उदयपुर की रैली में भी राहुल के लिए बार-बार न केवल शहजादा शब्द का इस्तेमाल किया, बल्कि चोरी की मोटरसाइकिल पर राजस्थान में घूमने का आरोप लगाया।
इसके इतर भाजपा ने भी साफ कर दिया है कि उसे कांग्रेस की धमकियों की परवाह नहीं है। पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने दो टूक शब्दों में कहा कि पार्टी राहुल के लिए शहजादा शब्द का इस्तेमाल करना जारी रखेगी।