गांधी परिवार के खिलाफ लंबे समय से अभियान चला रहे भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी को घेरने के लिए अब कांग्रेस भी कमर कस रही है।
कांग्रेस ने दस्तावेजों की मोटी फाइल तैयार कर साबित करने की कोशिश की है कि स्वामी का यह प्रचार अभियान सिर्फ दुष्प्रचार है और उनका सीधा मकसद गांधी परिवार का चरित्र हनन करना है।
कांग्रेस के मैनेजरों ने स्वामी के गांधी परिवार के खिलाफ दिए गए बयान, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सीबीआई को लिखे पत्रों और सोशल मीडिया में की गई टिप्पणियों की पूरी फेहरिस्त का पुलिंदा तैयार किया है।
कांग्रेस के रणनीतिकारों ने योजना बनाई
नेशनल हेराल्ड मामले में स्वामी के कोर्ट के जाने के बाद मामला गरमा गया है। कांग्रेस के रणनीतिकारों ने योजना बनाई है कि स्वामी से कोर्ट ही नहीं बल्कि अब कोर्ट के बाहर लड़ने का समय आ गया है।
अभी तक सत्तारूढ़ पार्टी होने के चलते कांग्रेस सीधे टकराव मोल लेना नहीं चाहती थी। लेकिन विपक्ष में आने के बाद पार्टी अब स्वामी से सीधे टक्कर लेने के मूड में है। कांग्रेस स्वामी की कोशिशों को राजनीतिक बदले से जोड़ते हुए मोदी सरकार को भी कटघरे में खड़ा करने की योजना बना रही है।
कांग्रेस के जुटाए दस्तावेजों में स्वामी के कई ऐसे बयान हैं, जिनमें वह सोनिया और राहुल पर बेहद निजी हमले कर रहे हैं। जैसे कि मार्च, 2014 यानी लोकसभा चुनाव से पहले स्वामी कह रहे हैं कि सत्ता जाने के बाद सोनिया और राहुल का तिहाड़ जेल जाना निश्चित है।
'राहुल का आईएसआई से संबंध'
एक बयान में स्वामी आरोप लगा रहे हैं कि राहुल का संबंध पाकिस्तान की आईएसआई खुफिया एजेंसी से है। राहुल की दो मौसी दुबई में आईएसआई के लोगों से मिल चुकी हैं।
स्वामी के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखे पत्रों की फेहरिस्त दी गई है, जिसमें वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को राहुल और सोनिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए चेतावनी दे रहे थे।
सीबीआई के निदेशक को एक चिट्ठी में स्वामी राजीव गांधी और सोनिया गांधी पर स्विट्जरलैंड के बैंक खातों में काले धन होने का आरोप लगा रहे हैं। चिट्ठी में इनके बैंक खातों में अरबों रुपये के काले धन होने का आरोप लगाया है। साथ ही ट्विटर पर उनकी अपमानजनक टिप्पणियों को दिखाया गया है।