भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की नई टीम बनने के बाद अब कांग्रेस में भी ढांचागत बदलाव की संभावना तेज हो गई है। लोकसभा चुनाव की हार की समीक्षा के लिए वरिष्ठ नेता ए के एंटनी के नेतृत्व में बनी कमेटी की ओर से पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को क्लीन चिट देने के बाद चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी की कमान संभाल रहे नेताओं को भी उम्मीद बंधने लगी है कि उन पर भी सीधे अंगुली उठाने की कोशिश नहीं की जाएगी।
लिहाजा, कांग्रेस के मौजूदा पदाधिकारियों को लगने लगा है कि पार्टी संगठन में आगामी फेरबदल में उनकी कुर्सी बच सकती है। एंटनी कमेटी की रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस में अनुमानों का बाजार गरम है। पार्टी के पदाधिकारियों को लग रहा है कि हार की सामूहिक जिम्मेदारी के फार्मूले पर ही रिपोर्ट अमल करेगी।