कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी की हुई मुलाकात के बाद अल्पसंख्यक वोटों की सियासत के आरोपों से घिरी कांग्रेस ने अब अपने बचाव में भाजपा को कठघरे में खड़ा करने की मुहिम में जुट गई है।
इसके लिए पार्टी भाजपा और संघ के फायर ब्रांड नेताओं के पूर्व के बयानों को एकत्र कर रही है। यू ट्यूब सहित अन्य सोशल मीडिया साइटों को इसके लिए खंगाला जा रहा है।
बुखारी-सोनिया की मुलाकात से उठा विवाद
पार्टी की रणनीति इन बयानों और तथ्यों को एकत्र कर कथित तौर पर हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण को लेकर भाजपा को भी कटघरे में खड़ा करना है।
दरअसल पिछले दिनों सोनिया से मुलाकात के बाद बुखारी मुस्लिम वोटरों से कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने की अपील की थी। इसके बाद भाजपा ने न सिर्फ कांग्रेस पर सीधा हमला बोला बल्कि उस पर अल्पसंख्यक वोटों की सियासत करने का आरोप भी जड़ दिया।
जल्द ही निशाने पर होंगे भाजपा-संघ
कांग्रेस इसका जवाब देने के लिए अमित शाह, उमा भारती, वरुण गांधी, कल्याण सिंह, योगी आदित्य नाथ के अलावा अशोक सिंघल और प्रवीण तोगड़िया सरीखे विहिप नेताओं के एक समुदाय को निशाना बनाकर दिए गए उग्र भाषणों के वीडियो इकट्ठा करने में लगी है।
कांग्रेस के एक बड़े नेता और चुनावी रणनीतिकार की अगुवाई में सोशल मीडिया के धुरंधरों की एक टीम बकायदा इसके लिए काम कर रही है। सूत्रों ने बताया कि जल्द ही इन सबके बयानों को जारी कर भाजपा-संघ पर धावा बोला जाएगा।