फेसबुक पर अपने अकाउंट से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कार्टून शेयर करने के लिए एक कॉलेज छात्र के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है। इस कार्टून में ममता के विकास एजेंडे और माओवादी बताकर एक गरीब किसान को गिरफ्तार करने की आलोचना की गई है।
बिधान नगर (उत्तरी) पुलिस स्टेशन के अधिकारी शांतनुकार ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (तृणमूल कांग्रेस की छात्र इकाई) ने एक छात्र राम नयन चौधरी के खिलाफ कार्टून शेयर करने का मामला दर्ज कराया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
चौधरी साल्टलेक स्थित एक कॉलेज में सेकेंड इयर के छात्र हैं और सीपीएम की छात्र इकाई एसएफआई का सदस्य है। चौधरी ने कहा कि यह उनका सामान्य कार्टून है। यह केवल मजाक के लिए था। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उनका कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि है।
चौधरी ने कहा कि वे नहीं जानते कि मुख्यमंत्री को आलोचनाओं से इतना परहेज क्यों है? उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह लोकतंत्र है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जादवपुर विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर द्वारा ममता बनर्जी और तत्कालीन रेल मंत्री मुकुल राय के कार्टून शेयर करने पर विवाद हो गया था।