यात्री किराए में वृद्धि के बाद रेलवे ने अब क्लॉक रूम और लॉकर चार्ज में भी बढ़ोतरी कर दी है। लॉकर में अपना सामान रखने के लिए अब लोगों को 24 घंटे के लिए 5 की जगह 20 रुपये देने होंगे। बाद के प्रत्येक 24 घंटे के लिए शुल्क 30 रुपये होगा। वहीं क्लॉक रूम का शुल्क भी 10 से बढ़ाकर 15 रुपये कर दिया गया है।
अगले हर 24 घंटे के बाद यह 20 रुपये हो जाएगा। नई दरें 1 फरवरी 2013 से प्रभावी होंगी। वर्ष 2001 के बाद यह पहला मौका है जब लॉकर और क्लॉक रूम की दरों में संशोधन किया गया है। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आर्थिक तंगी से जूझ रही रेलवे ने जनवरी से सभी वर्गों के यात्रा किरायों में बढ़ोतरी कर दी थी। रेलवे को इससे एक साल में 6600 करोड़ रुपये के लाभ का अनुमान है।
गौरतलब है कि पैसों की कमी के चलते रेलवे के कई प्रोजेक्टों के पूरा होने में देर हो रही है। रेलवे को उम्मीद है कि रेल किरायों में बढ़ोतरी से होने वाले लाभ का इस्तेमाल वे रुके हुए अधूरे प्रोजेक्टों को पूरा करने में किया जा सकेगा। इनमें सुरक्षा सहित रेलवे का आधुनिकीकरण जैसी योजनाएं शामिल हैं।