देश भर में सोने की तस्करी लगातार बढ़ती जा रही है। लोग तस्करी कर सोना लाने के नए-नए अवैध तरीके निकाल रहे हैं। एक टॉयलट से पिछले दो महीनों में 6 किलो सोना पकड़ा गया है।
इस सोने की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 2 करोड़ रुपए है। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पिछले दो महीनों के दौरान अवैध रूप तस्करी करके लाया गया करोड़ों रुपए का सोना पकड़ा गया है।
मेल टुडे में छपी खबर के मुताबिक सीआईएसएफ के अधिकारियों के मुताबिक पिछले दो महीनों में सोने की तस्करी करने के मामले में लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है। भारत में हर दिन तस्करी करके लाए जाने वाले सोने की मात्रा में भी भारी बढ़ोतरी हुई है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट पर बढ़ी सोने की तस्करी को रोकने के लिए काफी इंतजाम किए गए हैं। पिछले दिनों टॉयलट से करोड़ों रुपए के सोने की बरामदगी की गई है। आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 स्थित टॉयलेट से यह सोना पकड़ा गया।
एयरपोर्ट के कर्मचारियों से सांठ-गांठ
सीआईएसएफ के अधिकारी बताते हैं कि सोने की तस्करी करने वाले सोने को टॉयलट में ही छोड़ जाते हैं। एयरपोर्ट पर काम करने वाले निजी कर्मचारियों से सांठ-गांठ करके सोने को बाहर निकलवा लेते हैं।
पिछले दिनों एक निजी कंपनी में लोडर का काम करने वाले चंदन कुमार नाम के व्यक्ति को तस्करी करके लाए गए सोने के साथ पकड़ा गया।
सीआईएसएफ के अधिकारियों के मुताबिक आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर स्थित टॉयलट तस्करों और एयरपोर्ट पर काम करने वाले कई लोगों के लिए मिलने का स्थान बन गया है। क्योंकि यहां पर सीसीटीवी कैमरा भी नहीं है।
पिछले दिनों आईजीआई एयरपोर्ट पर टॉयलेट में एक मोबाइल मिला। इस मोबाइल में भी सोना छिपाया गया था। इस मोबाइल में मिले सोने की कीमत 40 लाख रुपए थी। कई बार सिगरेट के पैकेट में सोने की बिस्कुट पाए गए हैं।
भारत में लाया जा रहा अवैध तरीके से सोना
यह देखते हुए सीआईएसएफ ने टॉयलेट जाने वाले रास्ते पर सीसीटीवी कैमरा लगा दिए हैं। दो सीआईएसएफ के कर्मचारी लगातार इस पर नजर रखे रहते हैं कि कौन-कौन टॉयलेट जाने के दौरान एयरपोर्ट के कर्मचारियों से मुलाकात कर रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि कस्टम एक्ट के मुताबिक अगर किसी के पास 20 लाख रुपए से कम कीमत का सोना मिलता है तो उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है। अगर उसके पास इस सीमा के ज्यादा कीमत का सोना मिलता है।
तो उस व्यक्ति को 7 साल से ज्यादा की कैद हो सकती है। डायरेक्टरेट ऑफ इंटेलिजेंस रेवन्यू के आंकड़ों के मुताबिक भारत में प्रतिदिन 700 किलो सोना अवैध तरीके से लाया जा रहा है।
आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री पर 12 जून, 2 जुलाई, 4 जुलाई और 26 अगस्त को अवैध तरीके से लाया गया सोना पकड़ा गया।