एक निजी स्कूल में 6 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार की घटना से अभिभावक और शहरवासी आक्रोशित हैं। लोगों ने शनिवार को मार्च निकालकर पुलिस से आरोपियों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच पुलिस ने पूछताछ के लिए 8 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना बंगलूरू के विबग्योर हाईस्कूल में 2 जुलाई को घटी लेकिन इसका पता 15 जुलाई को सबको हुआ।
बच्ची से रेप मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अपना रोष जताने के लिए स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के परिजनों और अन्य ने शांति मार्च निकाला और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की अपील की लेकिन लोग पुलिस कमिश्नर को प्रदर्शन स्थल पर आने की मांग करते रहे। अभिभावकों के गुस्से को देखते हुए पुलिस कमिश्नर राघवेंद्र औरादकर को वहां आना पड़ा।