रामपुर में हाईवे पर शुक्रवार को सपा विधायक विजय सिंह की बोलेरो एक बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं सड़क पर गिर पड़ा। लेकिन सपा विधायक ने उसे अस्पताल पहुंचाने की बजाय वहां से निकल गए और अपनी गाड़ी कोतवाली में लाकर खड़ी दी। इस दौरान युवक के आसपास भीड़ जुट गई पर किसी ने भी उसकी मदद नहीं की।
आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे बरेली के लिए रेफर कर दिया गया। इधर, मिलक कोतवाल राघवराम मिश्र का कहना है कि विधायक ने केवल अपना वाहन कोतवाली भिजवाया था और सूचना दी थी कि इससे हादसा हो गया है।
मिलक के सपा विधायक विजय सिंह अपनी बोलेरो से जालिफनगला गांव से मिलक आ रहे थे। बोलेरो उनका ड्राइवर चला रहा था। नगर स्थित आर्य इंटर कालेज के सामने बोलेरो की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। लेकिन सपा विधायक ने घायल के प्रति कोई संवेदना नहीं दिखाई और उसे तड़पता छोड़कर वहां से चले गए। बोलेरो को कोतवाली में खड़ी कर दी।
करीब आधे घंटे तक घायल सड़क पर पड़ा रहा। भीड़ भी तमाशबीन बनी रही। बाद में पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल की उसकी पहचान राज अभिषेक तिवारी निवासी आकाशपुरम, थाना बारादरी, बरेली के रूप में हुई है। राज अभिषेक प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। इनके पिता डॉ. वीके तिवारी मेडिकल कालेज बरेली में हृदय रोग विशेषज्ञ हैं।
सपा विधायक विजय सिंह का कहना है कि बाइक सवार ने उनकी खड़ी कार में मोटरसाइकिल लाकर ठोक दी। वो लापरवाही से बाइक चला रहा था।
दिनेश चंद्र शुक्ला, सीओ (मिलक) ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। तहरीर आने पर बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
'विधायक को घायल का इलाज कराना चाहिए था'
मिलक सपा विधायक की बोलेरो से हुई दुर्घटना पर राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सभी का कहना था कि विधायक को घायल व्यक्ति का उपचार कराना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा न कर मानवता के साथ गैर जिम्मेदारी का भी एहसास कराया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह का कहना है कि जनप्रतिनिधि की कुछ जिम्मेदारी होती है। उसे अपने दायित्व का पालन करना चाहिए। अगर विधायक की गाड़ी से टक्कर हो गई थी तो उन्हें घायल को अस्पताल ले जाना चाहिए था। उसका इलाज करना चाहिए था। घटना के बारे में मुझे पूरी तरह से तो पता नहीं है, अगर विधायक घायल को छोड़कर चले गए हैं तो यह गलत है।
बसपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह रवि का कहना है कि स़ड़़क पर चलते वक्त हादसा हो सकता है। जाहिर सी बात है विधायक जी गाड़ी खुद नहीं चला रहे होंगे। अगर दुर्घटना हो भी गई थी तो विधायक को घायल को अस्पताल ले जाना चाहिए था। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया है तो यह गलत है। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी भी कुछ जिम्मेदारी है।
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव औलख ने कहा कि विधायक एक जिम्मेदार व्यक्ति होता है। हो सकता है उनकी गाड़ी से दुर्घटना हो गई हो। अगर विधायक खुद गाड़ी में मौजूद थे तो उनको उतरकर घायल का हाल देखना चाहिए था। उसका उपचार करना चाहिए था। विधायक जी ने अगर ऐसा नहीं किया है तो इसका गलत संदेश जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार का कहना है कि विधायक से मैंने घटना के बारे में जानकारी हासिल की है। उनका कहना है कि दुर्घटना के बाद उन्होंने अपनी गाड़ी खुद ही मिलक कोतवाली में खड़ी करा दी थी। एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल को छोड़कर चले जाने की बात गलत है। सपा के कार्यकर्ता इस तरह के गैर जिम्मेदाराना काम नहीं करते हैं। उनके वहां से चले जाने की बात विरोधी फैला रहे हैं, जो पूरी तरह से गलत है।