2014 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस वित्तमंत्री पी चिदंबरम को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बना सकती है। एक अखबार में छपी रिपोर्ट के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं।
अखबार ने दावा किया है कि वित्तमंत्री बनने के बाद यूपीए में चिदंबरम की स्थिति और मजबूत हुई है। अखबार ने बताया है कि रिटेल में एफडीआई पर संसद में गतिरोध को दूर करने में चिदंबरम ने अहम भूमिका निभाई है।
अखबार के मुताबिक एफडीआई के मुद्दे पर डीएमके जैसे सहयोगी को वोटिंग पर समर्थन के लिए चिदंबरम ने ही तैयार किया।
कांग्रेस के लिए डीएमके का समर्थन राहत भरा रहा। यही बात चिदंबरम के लिए फायदे का सौदा भी साबित हो सकती है।
अखबार का दावा है कि 'कैश ट्रांसफर स्कीम' लागू कराने में भी वित्तमंत्री चिदंबरम की भूमिका पार्टी में अहम रही है। कांग्रेस अगले चुनावों में इस योजना को वोटर को लुभाने के लिए बहुत ही अहम मान रही है।
अखबार ने प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी की दावेदारी को खारिज कर दिया है। अखबार ने कहा है कि राहुल कब राजनीति की मुख्यधारा में आएंगे, ये खुद उनके साथी नहीं जानते।