अपने चर्चित उपन्यासों के साथ-साथ सोशल मीडिया में बयानबाजी को लेकर विवादों में रहने वाले अंग्रेजी के मशहूर लेखक चेतन भगत एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय दक्षिणपंथी लोगों, जिन्हें आजकल 'भक्त' नाम दिया जाता है, को 'सेक्सुअली कुंठित' बताते हुए चेतन भगत ने एक नया ब्लॉग लिखा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया में लिखे इस लेख में चेतन भगत ने खुलेतौर पर कहा है कि ये लोग जो बेहद खराब अंग्रेजी बोलते हैं और खुद को मोदी के वफादार होने का दावा करते हैं, असल में कुंठित और हीन भावना से ग्रस्त लोग हैं।
उन्होंने लिखा है कि ये लोग प्रधानमंत्री मोदी की स्वच्छ भारत अभियान जैसी जनहितकारी नीतियों से तो कोसों दूर हैं लेकिन जब उनके नेता चुप रहते हैं तो उनका बचाव करने के लिए हमेशा आगे आ जाते हैं। ये लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उग्र रक्षक हैं।
'सेक्सुअली कुंठित हैं ऐसे लोग'
अपने लंबे-चौड़े लेख में चेतन भगत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुरू किए गए अभियान 'सेल्फी विद डॉटर' के दौरान ट्विटर पर दो महिलाओं को बहुत ज्यादा निशाना बनाए जाने का भी जिक्र किया है।
उन्होंने लिखा है कि ये लोग महिलाओं का सम्मान तक नहीं करना जानते और ना ही ये हिंदुओं के बहुत बड़े समर्थक हैं, लेकिन खुद के राष्ट्रवादी होने का दावा खूब जोर-शोर से करते हैं।
चेतन ने आगे कहा, 'इन लोगों को महिलाओं से बात करने का भी तरीका नहीं आता और ना ही इन लोगों को ये मालूम है कि महिलाओं के साथ कैसे व्यवहार किया जाता है। ये लोग महिलाओं की इच्छा तो रखते हैं लेकिन कुछ भी करके उन्हें पा नहीं सकते। अगर कोई मुझसे पूछे तो मैं इन लोगों को सेक्सुअल तौर पर कुंठित इंसान कहूंगा।'
भारतीय और हिंदू होने पर गर्व क्यों करते हैं: चेतन
चेतन ने कहा है कि हिंदी बोलने वाले ये लोग हिंदू और भारतीय होने पर बहुत ज्यादा गर्व करते हैं। असलियत में ये लोग नहीं जानते कि हिंदी बोलने वाले हिंदू भारत में सबसे ज्यादा गरीब लोगों में शामिल हैं।
चेतन ने लिखा है कि ये लोग यह भी जानते हैं कि भारत बुनियादी सुविधाओं के मामले में दुनिया में तीसरे नंबर का देश है। भारत के पास विज्ञान, खेल, रक्षा और रचनात्मकता के मामले में महज चंद उपलब्धियां हैं।
चेतन भगत के इस लेख के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना भी शुरू हो गई है। ट्विटर पर लोग उनके लेख में उनकी सोच को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं।
ट्विटर पर शुरू हुआ पलटवार
ट्विटर पर 'Gappistan Radio' नाम के ट्विटर हैंडल से कुछ इस तरह ट्वीट किया गया है-
'चेतन- इंग्लिश सीखो, लड़की से बात कर पाओगे...
मैं- जैसे आप नच बलिए में प्रीति जिंटा से बात करते हैं?
चेतन- हां...
मैं- तो अंग्रेजी को भुलाया कैसे जाता है...?'
'Vande Mataram' नामक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया है, 'मैं एक सफल महिला व्यवसायी हूं, लेकिन चेतन भगत के मुताबिक मैं एक हिंदी बोलने वाली गंवार सेक्सुअली कुंठित इंसान हूं।'
'Bajrangi RG' नामक ट्विटर हैंडल से ट्विट किया गया है, 'ये सेक्सुअली कुंठित लोग वही हैं जो चेतन भगत कि किताबें खरीदते हैं। उन्हें उन लोगों का आभारी होना चाहिए।'
'Rupa Subramanya' ने ट्वीट किया है, 'वो दिन याद आ रहे हैं जब चेतन भगत नंबर वन भक्त हुआ करते थे।' वहीं, 'The Bad Doctor' ने ट्वीट किया है, 'चेतन भगत को खराब अंग्रेजी बोलने वाले इन सेक्सुअली कुंठित लोगों का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए, क्योंकि यही लोग उनके सबसे बड़े पाठक हैं।'