सत्ता परिवर्तन का असर अब सरकारी इमारतों पर भी दिखने लगा है।
यूपीए सरकार ने जब पिछले साल राष्ट्रीय मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया था तो इस इमारत की नींव रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम को गायब कर दिया गया था।
अब सत्ता में आने के बाद एनडीए सरकार ने सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के नाम को हटाकर फिर अटल बिहारी वाजपेयी के नाम वाले पुराने पत्थर को झाड़ पोंछकर मीडिया सेंटर के मुख्य द्वार के बाहर लगा दिया है।
मीडिया सेंटर के उद्घाटन का मामला
राष्ट्रीय मीडिया सेंटर का उद्घाटन 24 अगस्त, 2013 को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया था।
सोनिया और मनमोहन सिंह ने अपने नाम और उद्घाटन की जानकारी वाली पट्टिका पर से पर्दा उठाकर मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया था।
इसके लिए बाकायदा यूपीए सरकार की ओर से जलसे का भी आयोजन किया था। उस समय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का कोई जिक्र नहीं किया गया था कि उन्होंने पांच दिसंबर 2001 को राष्ट्रीय मीडिया सेंटर की आधारशिला रखी थी।
हटाई गई सोनिया-मनमोहन की पट्टिका
उस समय वाजपेयी के बोर्ड को हटा लिया गया था। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार सत्ता में वापस लौटी है तो फिर से पुराने पत्थर को रखने का काम जोर-शोर से देखने को मिला।
साथ ही नई पट्टिका जिस पर सोनिया और मनमोहन सिंह के नाम का जिक्र किया गया था उसे हटा दिया गया है।
वहां कर्मचारियों से पूछने पर उन्होंने इसके बारे में अनभिज्ञता जताई।
वाजपेयी ने रखी थी नींव
मीडिया सेंटर के मुख्य द्वार में लगाए गए इस पुराने पत्थर में लिखा गया है राष्ट्रीय प्रेस केंद्र, इस भवन की आधारशिला पांच दिसंबर, 2001 को भारत के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा रखी गई।
गृहमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने समारोह की अध्यक्षता की।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री सुषमा स्वराज, शहरी विकास एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री अनंत कुमार और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री रमेश बैश ने भूमि पूजन किया।