केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं का अंतिम घंटा बज गया है। एक मार्च से देशभर के होनहारों के दमखम की परख शुरू हो जाएगी। दोनों परीक्षाओं में इस बार 22.01 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे।
बीते साल की तुलना में इस बार हाईस्कूल में 6.70 फीसदी, जबकि इंटरमीडिएट में 15.51 फीसदी अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। जिन छात्रों को अभी तक एडमिट कार्ड नहीं मिले हैं, वे रोल नंबर के आधार पर इसे ऑनलाइन निकाल सकते हैं।
छात्रों की संख्या को देखते हुए इस बार परीक्षा केंद्र भी बढ़ाए गए हैं। दसवीं के के लिए देशभर में 2992, जबकि बारहवीं के लिए 2825 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दिल्ली में इस बार दोनों बोर्ड परीक्षाओं में 5.79 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
दिल्ली में हाईस्कूल के 3.18 लाख छात्रों के लिए 560 केंद्र, जबकि इंटरमीडिएट के 2.60 लाख छात्रों के लिए लिए 564 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट के मौके घटे
सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट के मौके घटा दिए हैं। यह व्यवस्था 2013 की बोर्ड परीक्षा से लागू होगी। अभी तक सीबीएसई के बारहवीं के छात्रों को कंपार्टमेंट के लिए पांच मौके मिलते थे, जिसे घटाकर तीन कर दिया गया है।
इसी तरह दसवीं में अंक सुधारने के लिए इंप्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने के मौकों को भी घटाकर एक कर दिया गया है। इससे पहले छात्रों को पांच मौके मिलते थे। बोर्ड का यह नया नियम 2012 या उससे पहले परीक्षा में शामिल छात्रों पर लागू नहीं होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि नए नियम के बाद छात्रों को सभी विषयों की अच्छे से तैयारी करनी चाहिए। कई बार छात्र किसी खास विषय की तैयारी इसलिए नहीं करते कि उसमें बाद में कंपार्टमेंट या इंप्रूवमेंट देकर नंबर सुधार लेंगे, मगर अब मौके कम हो गए हैं तो पहले ही तैयारी कर लेना अच्छा रहेगा।
हाईस्कूल
12,59,202 छात्र 10वीं में शामिल होगें।
74,87,20 लड़के।
5,10,482 लड़कियां।
दिल्ली में कुल 318536 छात्र शामिल होगें।
2992 परीक्षा केंद्र बनाए गए।
12वीं की बोर्ड परीक्षा में
9,42,035 छात्र 12वीं में शामिल होगें।
5,54,674 लड़के।
3,87,361 लड़कियां।
दिल्ली में 2,60,882 छात्र परीक्षा में होगें शामिल।
2825 परीक्षा केंद्र बनाए गए है।
स्पेशल केटेगरी
3051 शारीरिक रूप से अक्षम दसवीं में।
2418 छात्र बारहवीं में।
विदेशी छात्र
17551 विदेशी छात्र होंगे 10वीं बोर्ड परीक्षा में।
11119 विदेशी छात्र 12वीं बोर्ड परीक्षा में।