शीना बोरा हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को पांच राज्यों में छापेमारी की। हत्या के असल कारण का पता लगाने में जुटी जांच एजेंसी ने सुराग की तलाश में गोवा, मुंबई, गुवाहाटी, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और कोलकाता में 10 ठिकानों पर कार्रवाई की है। यह सभी ठिकाने शीना हत्याकांड के तीनों आरोपियों, इंद्राणी मुखर्जी, उसके पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर पिंटूराम राय तथा पीटर मुखर्जी से संबंधित हैं।
सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक छापे की यह कार्रवाई पीटर और इंद्राणी के मुंबई तथा गोवा स्थित आवास, श्याम के मुंबई और छिंदवाड़ा में स्थित घर व संजीव खन्ना के कोलकाता वाले घर पर हुई। टीम गुवाहाटी में इंद्राणी के पैतृक आवास पर भी गई थी।
सूत्रों का कहना है कि एजेंसी किसी खास सबूत की तलाश में है। इसके बारे में इंद्राणी, संजीव, श्याम और पीटर से पूछताछ के दौरान जानकारी हासिल हुई थी। फिलहाल सीबीआई इसके बारे में खुलासा नहीं करना चाहती है।