महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने आदर्श घोटाले में घिरे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर मुकदमा चलाने के लिए सीबीआई को इजाजत दे दी है। इससे सीबीआई चव्हाण के खिलाफ आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा चला सकती है।
राज्यपाल ने सूबे की भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार की ओर से चव्हाण के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुशंसा के बाद यह अनुमति दी है। अशोक चव्हाण मौजूदा समय में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।
महाराष्ट्र राजभवन के एक अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने आदर्श कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी घोटाला मामले में सीबीआई को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर सीआरपीसी की धारा 197, भांदसं की धारा 120-बी (षड्यंत्र) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मुकदमा चलाने के लिए अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है।
राज्य मंत्रिमंडल की सलाह के बाद दी अपनी मंजूरी
अधिकारी ने बताया कि आठ अक्टूबर, 2015 को मुंबई में सीबीआई के संयुक्त
निदेशक ने न्यायमूर्ति पाटिल आयोग की जांच रिपोर्ट और आपराधिक संशोधन के
आवेदन पर मुंबई उच्च न्यायालय की टिप्पणियों जैसे अतिरिक्त और ताजा सामग्री
के आधार पर सीआरपीसी की धारा 197 के तहत चव्हाण पर मुकदमा चलाने की अनुमति
मांगी थी।
इस बारे में राज्यपाल ने राज्य मंत्रिमंडल की सलाह के बाद अपनी
मंजूरी दी। अशोक चव्हाण पर आरोप है कि उन्होंने मुंबई के पॉश इलाके कफ परेड
में कारगिल में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं के लिए बनाई गई 31 मंजिली
आदर्श इमारत के नियमों में फेरबदल कर नेताओं, नौकरशाहों और अपने
रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाया।
चव्हाण पर 2009 में चुनाव के बाद से ही आदर्श
का भूत पीछा नहीं छोड़ रहा है। चव्हाण जब दोबारा महाराष्ट्र के
मुख्यमंत्री बने थे, तब आदर्श घोटाले के कारण एक साल के अंदर उन्हें
मुख्यमंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था।
भुजबल के बाद कानूनी शिकंजे में चव्हाण
एक तरफ एनसीपी नेता और पूर्व पीडब्लूडी मंत्री छगन भुजबल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई शुरू कर दी है, तो वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण के खिलाफ सीबीआई को मुकदमा चलाने की अनुमति दिए जाने से महाराष्ट्र की राजनीति में खलबली मच गई है।
एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने पहले ही भुजबल परिवार के खिलाफ कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताकर राज्य की भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। इसी तरह का आरोप अशोक चव्हाण ने भी लगाया है। चव्हाण ने कहा कि भाजपानीत सरकार न सिर्फ महाराष्ट्र में बल्कि पूरे देश में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के खिलाफ अभियान शुरू किया है।