वसंत कुंज इलाके में बुधवार दोपहर को चलती जेन कार में आग लग गई। इससे कार सवार युवक-युवती झुलस गए।
दोनों को सफदरजंग अस्पताल के बर्न विभाग में भर्ती कराया गया है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक ने सीट बेल्ट लगा रखी थी जिसे खोलने में देर होने से वह गाड़ी से जल्दी नहीं निकल पाया और ज्यादा झुलस गया।
वसंत कुंज (नार्थ) थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, बृजवासन निवासी सोनू उर्फ गिरीराज और नांगल निवासी प्रीति मार्केट में खरीदारी करने जा रहे थे। दोनों की जल्द ही सगाई होने वाली थी।
सोनू पेशे से ड्राइवर है। जब वह वसंत कुंज स्थित डीएलएफ मॉल के पास पहुंचे तो कार में आग लग गई। पीछे चल रहे बाइक सवार मनदीप ने पुलिस को बताया कि सोनू कार को साइड में कर पाता उससे पहले ही कार लपटों में घिर गई।
लोगों ने ड्राइवर सीट की बगल वाली सीट पर बैठी युवती को तो बाहर खींच लिया, लेकिन सीट बेल्ट के कारण सोनू को समय से बाहर नहीं निकाल पाए। आग के कारण कार का गेट जाम हो गया था।
पुलिस ने दोनों को सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों का कहना है कि सोनू करीब 95 फीसदी झुलस गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रीति पांच फीसदी झुलसी है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ये बात सामने आ रही है कि शॉट सर्किट के कारण कार में आग लगी और पेट्रोल की कार होने से ज्यादा भड़क गई। कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई।