निरमाना गांव पहुंचे बसपा प्रत्याशी कादिर राना को लेकर बवाल हो गया। कुछ लोगों ने मोदी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए राना के काफिले पर पथराव कर दिया। सांसद ने थाने में पहुंचकर तहरीर दी।
देर रात तक सांसद अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ थाने पर जमे हुए थे। बुधवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निरमाना में बसपा सांसद कादिर राना का कार्यक्रम था। सभा को संबोधित कर जैसे ही सांसद लौटने लगे, कुछ लोगों ने मोदी के समर्थन में नारेबाजी कर दी। आरोप है कि मंदिर के निकट कुछ लोगों ने काफिले पर पथराव कर दिया।
बाल-बाल बचे सांसद
पथराव से काफिले में शामिल एक गाड़ी के शीशे टूट गए। सांसद ने तत्काल इसकी सूचना एसएसपी एचएन सिंह को दी। सांसद के काफिले पर पथराव से हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस फोर्स गांव पहुंचा और घटना की जानकारी ली।
इधर सांसद का काफिला सीधे शाहपुर थाने पहुंचा और घटना की तहरीर दी। सांसद से अभद्रता और काफिले पर पथराव की सूचना पाकर उनके सैकड़ों समर्थक थाने जा पहुंचे। पथराव करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया गया। देर रात तक सांसद और उनके समर्थक थाने में ही मौजूद थे।
उधर, गांव निरमाना के लोगों का कहना है कि मेन चौराहे पर कुछ लोगों ने सांसद से विकास कार्य संबंधी सवाल पूछे थे। इस पर सांसद ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीणों ने काफिले पर पथराव की बात से इंकार किया है।
सांसद समर्थकों ने थाने में किया बवाल
निरमाना गांव में हुए विवाद के बाद थाने में जुटे सांसद कादिर राना के समर्थकों ने थाना परिसर में तोड़फोड़ कर दी। समर्थकों ने परिसर में रखी कुर्सियां और गमले तोड़ डाले। इसके बाद चेतावनी दी कि बुधवार दस बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे।
उधर, देर रात निरमाना गांव के अमित ने सांसद कादिर राना, उनके भाई विधायक नूर सलीम राना, बसपा नेता अभिषेक चौधरी सहित कई के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। उनका आरोप है कि जिस समय सांसद गांव में पहुंचे उस समय मंदिर में आरती चल रही थी। जिसके बाद सांसद ने सभा के लिए मंदिर खाली कराया।
इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता का भी आरोप है। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि गांव में विकास कार्य संबंधी सवाल-जवाब को लेकर कुछ विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।