जयपुर में नौ साल की बच्ची से बृहस्पतिवार को ऐसी हैवानियत का खुलासा हुआ कि सुनने वाले हिल गए। सांगानेर क्षेत्र से लापता हुई बच्ची के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म किया था और उसका गला ब्लेड से चीरकर शव को मलबे में दबा दिया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वह बच्ची को बाजार से खाने की चीज दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। पुलिस के मुताबिक फर्नीचर का काम करनेवाले बच्ची के पिता ने गत सोमवार को घर से बाहर खेलते हुए उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी।
बच्चों से पूछताछ में पता चला कि पड़ोस में रह रहे उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी सूरज जाटव (22) के साथ उसे अंतिम बार देखा गया था। पुलिस ने सूरज पर शक गहरा होने पर सख्ती से पूछताछ की तो उसने सब उगल दिया।
उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सूरज की निशानदेही पर पुलिस ने बच्ची का दबा शव बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक सूरज ने वर्ष 2012 में एक युवती के भाई का भी मर्डर किया था, क्योंकि उसने युवती से छेड़छाड़ का विरोध किया था।