लोकसभा में पार्टी को बंपर सफलता दिलाने वाले नरेंद्र मोदी के बल पर ही भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों की वैतरणी पार करना चाह रही है।
सोमवार को रांची में कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि झारखंड हो या फिर कोई अन्य राज्य चुनावों में भाजपा का नेतृत्व मोदी ही करेंगे। साथ ही हेमंत सोरेन की सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने जनता को धोखा दिया है।
विधानसभा में भाजपा को 80 में से 70 सीटें जीताने की अपील करते हुए शाह ने कहा कि यदि भाजपा की सरकार आती है तो वह बेहतर काम कर के दिखाएगी।
उन्होंने लालू प्रसाद, नीतीश कुमार और शिबू सोरेन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा की डर से सब एक हो गए हैं और कांग्रेस इनका नेतृत्व कर रही है।
घोटाले की रानी बन गई हैं ममता: नकवी
शारदा घोटाले को लेकर टीएमसी पर हमले तेज करते हुए पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कभी सच्चाई की ढोल पीटने वाली ममता बनर्जी आज घोटाले की रानी बन गई हैं।
इसलिए शारदा घोटाला उनके और उनकी पार्टी के लिए वाटरलू साबित होगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के तीन साल के भीतर ही ममता बनर्जी में बड़ा बदलाव आ गया है।
इससे पहले रविवार को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी ममता को अपने निशाने पर ले चुके हैं।