दिल्ली के नेता जगदीश टाइटलर को सिख विरोधी दंगों के मामले में सीबीआई की मिली क्लीन चिट अदालत से खारिज हो जाने से अब भाजपा को कांग्रेस पर जवाबी हमला करने का मौका मिल गया है।
पार्टी ने कहा कि इस फैसले से कांग्रेस के प्रति लोगों का यह संदेह और भी गहरा हो गया है कि वह इस कत्लेआम के आरोपियों व खलनायकों को बेशर्मी से बचाती रही है।
इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि भाजपा अब गुजरात दंगों को लेकर मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का और मजबूती से बचाव कर सकेगी।
पार्टी ने हमलावर रुख अपनाते हुए कांग्रेस से सिख विरोधी दंगों से लेकर आजादी के बाद देशभर में हुए 50 हजार दंगों पर भी जवाब मांगा है।
पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह बात साबित हो चुकी है कि कांग्रेस शुरू से ही दिल्ली के सिख विरोधी दंगों के आरोपियों व खलनायकों को बचाती रही है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के दंगों को लेकर भाजपा को कोसने वाली कांग्रेस को अब इन दंगों के मामले में भी जवाब देना चाहिए।
अदालत ने सीबीआई की यह रिपोर्ट ऐसे समय पर खारिज की है, जब मोदी अपने मिशन 2014 के लिए कदम बढ़ा चुके हैं।
जबकि कांग्रेस मोदी पर हमला करने के लिए गुजरात के 2002 के दंगों का जिक्र करती रही है। यहां तक कि उन्हें मौत का सौदागर भी कह चुकी है।
अब अदालत का यह फैसला आने के बाद भाजपा ने वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में कांग्रेस पर करारा हमला बोला है।