प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों को लेकर विपक्ष के आरोप झेलने के बाद भाजपा अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर हमलावर हो गई है।
राहुल के बिहार चुनाव के बीच अचानक विदेश जाने के मामले पर भाजपा अब नरमी के मूड में नहीं है। इसलिए राहुल गांधी के अमेरिका दौरे को लेकर विवाद बढ़ गया है।
भाजपा ने कांग्रेस पर सियासी हमला बोलते हुए कहा है कि राहुल गांधी अमेरिका के एस्पेन इंस्टीट्यूट नहीं बल्कि एस्पेन शहर में हैं।
पार्टी का यह भी दावा है कि कांग्रेस राहुल के जिस एस्पेन इंस्टीट्यूट के सेमिनार में जाने की बात कर रही है। वह आयोजन कई महीने पहले ही हो चुका है। पार्टी ने कांग्रेस पर राहुल के विदेश दौरे के बारे में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है।