भाजपा मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आसानी से छोड़ने के मूड में नहीं है।
पार्टी चाहती है कि चुनाव आयोग इस मसले पर विस्तार से बहस कराने के बाद ही अपना फैसला दे। इसलिए पार्टी ने आयोग से राहुल के जवाब की प्रति मांगी है।
पार्टी के विधि प्रकोष्ठ के प्रमुख सत्यपाल जैन ने प्रति के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। राहुल ने शुक्रवार को अपना जवाब चुनाव आयोग को भेजा है।
भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि राहुल का जवाब देखने के बाद ही पार्टी अपनी अगली रणनीति का ऐलान करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को गंभीरता से ले रही है और चाहती है कि चुनाव आयोग इस मुद्दे पर राय जानने के लिए पार्टी को भी बुलाए।
मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर राहुल के बयानों की भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। पार्टी का आरोप है कि राहुल ने सांप्रदायिक आधार पर कांग्रेस को वोट देने की मांग करके आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है, इसलिए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। भाजपा ने कांग्रेस पार्टी की मान्यता समाप्त करने की भी मांग की है।