‘अच्छे दिन’ पर अमित शाह के बयान पर शुरू हुई सियासत के बीच भाजपा ने मंगलवार को सफाई पेश करते हुए मीडिया के एक वर्ग पर तथ्यहीन रिपोर्टिंग करने का आरोप लगाया।
पार्टी ने शाह के भाषण की वीडियो क्लिप जारी कर दावा किया कि उन्होंने अच्छे दिन के लिए नहीं बल्कि देश को विश्व गुरु बनाने में 25 साल लगने की बात कही थी।
मीडिया को तथ्यपरक रिपोर्टिंग की नसीहत देते हुए ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कार्यक्रम में शाह ने अपने पूरे भाषण में एक बार भी अच्छे दिन का जिक्र नहीं किया।
दरअसल एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में कहा गया था कि सोमवार को भोपाल में पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा है कि अच्छे दिन लाने के लिए 25 वर्ष लगेंगे।
इस आशय की रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद भाजपा और मोदी सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने शाह के बयान की तीखी आलोचना की थी।
विपक्ष की आलोचनाओं से हरकत में आई भाजपा ने ऊर्जा मंत्री को मैदान में उतारा। पार्टी को डर था कि कहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले काला धन वापसी को चुनावी जुमला बताने से हुए सियासी नुकसान की तरह अब इस मुद्दे पर भी बिहार विधानसभा चुनाव में नुकसान न उठाना पड़े।