फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामदेव ने जपा मोदी मंत्र, राहुल पर निशाना

Mon, 09 Sep 2013 02:13 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री पद के लिए मोदी की उम्मीदवारी घोषित करने की मांग के बाद जंतर-मंतर पर रविवार को व्यवस्था परिवर्तन रैली कर बाबा रामदेव कांग्रेस सरकार के विरोध में उतर गए हैं।
विज्ञापन


रैली में जुटी हजारों की भीड़ देख बाबा का हौसला बढ़ गया। मंच से उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला, लेकिन उनके निशाने पर लगातार गांधी परिवार रहा। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए योग और युद्ध दोनों साथ-साथ करना पड़ेगा।

कांग्रेस नेताओं पर उन्होंने देश को कंगाल करने और लूटने का आरोप लगाया। इस मौके पर रामदेव ने मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने की अपनी योजना पर भी प्रकाश डाला।
विज्ञापन


काले धन और घोटाले जैसे मुद्दों पर बाबा रामदेव की इस रैली में उनके सहयोग आचार्य बालकृष्ण के अलावा पूर्व कानून मंत्री राम जेठमलानी और बीजेपी नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने भी लोगों को संबोधित किया।

बाबा रामदेव ने कहा कि यह व्यवस्था परिवर्तन रैली महज आगाज है। आगामी 13 सितंबर से वह सरकार की खबर लेंगे। उन्होंने कहा कि 13 सितंबर से देशभर में घूम-घूमकर वे लोगों को सरकार के काले कारनामों के बारे में बताएंगे।

उन्होंने कहा कि अब तक 21 आरोप पत्र बनाए हैं, जिसे लोगों तक सबूत के साथ पहुंचाया जाएगा। रामदेव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें यह काबिलियत नहीं कि वह प्रधानमंत्री बनें।

उन्होंने कहा कि मोदी कांग्रेस नेताओं के सपने में आते हैं। वह इतने डरे हुए हैं कि उनके प्रिंस कहते हैं सत्ता एक जहर है। वहीं प्रधानमंत्री कहते है कि वे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते देखना ही नहीं, उनके साथ काम भी करना चाहते हैं।

इस मौके पर राम जेठमलानी ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का 100 लाख करोड़ रुपये बाहर पड़ा है। सरकार इसे वापस लाने में नाकाम रही है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी आज तक उन लोगों की सूची तक नहीं दी गई। सरकार के पास उनके नाम हैं, फिर भी कार्रवाई नहीं कर रही है, क्योंकि उनमें उनके पार्टी के नेताओं और रिश्तेदारों के नाम भी शामिल है।

बीजेपी के सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि घोटालों से घिरी इस सरकार को उखाड़ना जरूरी हो गया है। बाबा रामदेव का यह आंदोलन सही दिशा और योजना के लिए है, जिसके लिए वे शुरू से लड़ रहे हैं।

मोदी के समर्थन में पोस्टर
बाबा बीजेपी को समर्थन मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की शर्त पर दे रहे हैं। रैली में भी आई भीड़ में लोगों के पास मोदी के पोस्टर नजर आए।

इनमें ‘हमारा प्रधानमंत्री कैसा हो नरेंद्र मोदी जैसा हो’ का नारा लग रहा था। हालांकि बाबा इसे सिर्फ व्यवस्था परिवर्तन और जनता के हक की लड़ाई बता रहे हैं।
विज्ञापन


सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर जवाब देंगे बाबा
बाबा ने रैली में ऐलान किया वह अब फेसबुक और ट्विटर पर अब खुद जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को साथ जोड़ना है तो उनके जैसे ही बनना होगा।

उन्होंने कहा कि वह पहले भी फेसबुक व ट्विटर पर थे, लेकिन यह उनकी टीम मैनेज करती थी। अब वह खुद जवाब देंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें