प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अगले साल सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाने के सवाल पर सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री मो. आजम खां ने कहा कि उनकी यात्रा का स्वागत है।
हाफिज सईद और दाउद का नाम लिए बगैर इशारों में उन्होंने कहा कि बादशाह (मोदी) को पाकिस्तान से लौटते वक्त आतंकवादियों को पकड़कर अपने जहाज में बैठाकर लाना चाहिए।
आईपीएस अमिताभ ठाकुर के प्रकरण पर आजम बोले कि वह एक बलात्कारी है, उसकी हिमायत में मीडियाकर्मी खड़े न हों। आजम खां रविवार को झांसी और ललितपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य, नगर विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. आजम खां रविवार को पहले ललितपुर और उसके बाद झांसी के सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की।
अमिताभ ठाकुर प्रकरण पर वह सपा प्रमुख मुलायम सिंह का बचाव करते नजर आए और आईपीएस को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कानून के ऊपर कोई भी नहीं है, सपा का दामन साफ है। उन्होंने अमिताभ को बलात्कारी बताते हुए मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मीडियाकर्मी उसकी हिमायत में खड़े न हों।
बलात्कार पीड़ित महिला की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कई दिनों बाद उसकी रिपोर्ट दर्ज हुई। सपा प्रमुख से बातचीत का ऑडियो टेप जारी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर मामला कानून के दायरे में आता है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आजम ने प्रधानमंत्री को बादशाह संबोधित करते हुए एक बार फिर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि बादशाह की पाकिस्तान यात्रा का स्वागत है लेकिन उन्हें वहां से खाली हाथ नहीं लौटना चाहिए। जैसे जहाज में बैठाकर आतंकियों को कंधार छोड़ा गया था वैसे ही बादशाह (मोदी) आतंकवादियों को हथकड़ी लगाकर अपने जहाज में बैठाकर लाएं।