मंगलवार को नवागत डीएम की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पता चला कि तहसील परिसर में एक व्यक्ति ने पूरे परिवार के साथ मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। एसओ रविंद्र कुमार सिंह ने उनके हाथ से केरोसिन का गैलेन छीनकर उन्हें ऐसा करने से रोका।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलसड़ गांव के रहने वाले रामानंद पत्नी भिखना देवी, पुत्रियों जागृति और रेखा के साथ तहसील दिवस में जमीन संबधी प्रार्थना पत्र लेकर आया था।
रामानंद के अनुसार पेराड़ गांव निवासी राजवंश को उसने अपनी जमीन का कुछ हिस्सा बैनामा किया था, मगर राजवंश ने धोखे से उसकी सारी जमीन अपनी पुत्रवधू के नाम बैनामा करा लिया।
इसके बाद उसकी पूरी जमीन पर कब्जा कर लिया। इसकी जानकारी होने पर वह लगातार अधिकारियों से मिलकर उन्हें अपनी फरियाद सुनाता रहा, मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।