पुलिस की शह पर सैलानियों से खींचतान करने वाले हॉकरों का आतंक इस कदर बढ़ गया कि पुरानी मंडी ताजगंज चौराहे पर अफगानी सैलानी और उनके साथ चल रहे गाइड की पिटाई कर दी।
ताजमहल देखने के बाद मंगलवार शाम को अफगानी पर्यटकों के दल पर हॉकरों ने 10 रुपये के ताजमहल के की-चेन को 2200 रुपये में खरीदने का दबाव बनाया। पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है, जबकि सैलानी इसकी शिकायत अफगानिस्तान के दूतावास में करेंगे।
मामला मंगलवार शाम का है। अफगानी पर्यटक सैफीतुल्लाह, अब्दुल जमील, तप्तलाह, केसी मुराद, हाजी शोब्रा और महिला पर्यटक शुक्रियाना, माजिया और मुशैक ताजमहल देखने के बाद पुरानी मंडी चौराहे पर पहुंचे तो पानी लेने गए सैफीतुल्लाह को हॉकरों ने घेर लिया।