गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान जेल में बंद सरबजीत सिंह पर शुक्रवार को हुए हमले के लिए केंद्र की यूपीए सरकार की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार सरबजीत की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। मोदी ने कहा कि सरबजीत पर हमला केंद्र सरकार की विफलता का परिणाम है।
मोदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एक तरफ चीनी सैनिकों के भारतीय क्षेत्र में घुस आने और दूसरी ओर पाकिस्तान में सरबजीत सिंह पर हमला यह दर्शाता है कि विश्व के किसी भी भाग में केंद्र सरकार की पहुंच सीमित हो गई है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार अपने विचारों को स्पष्ट रूप से दुनिया के सामने रखने और पाकिस्तान या अन्य पड़ोसी देशों को अपनी ताकत एवं कूटनीतिक कुशाग्रता दिखाने में पूरी तरह विफल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश यूपीए सरकार इन दिनों अपने आप को बचाने में व्यस्त है। उसके पास लोगों की सुरक्षा के बारे में सोचने का समय ही नहीं है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के कोट लखपत जेल में सरबजीत सिंह पर हुए हमले के बाद उसे लाहौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी बेहद हालत गंभीर बनी हुई है।
केंद्र ने की लापरवाही: भाजपा
सरबजीत सिंह प्रकरण में भाजपा ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरजीत को जान का खतरा होने के बावजूद केंद्र सरकार ने इस मामले में पाकिस्तान सरकार से कभी भी गंभीरता से बात नहीं की।
लाहौर जेल में पिटाई के बाद सरबजीत सिंह जीवन और मौत के बीच झूल रहा है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सरकार ने सरबजीत मामले पर शुरू से ही लापरवाही बरती, जबकि उसे मालूम था कि पाकिस्तान भरोसा करने लायक नहीं है।