हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा शुक्रवार को हो सकती है। मंगलवार को हुई चुनाव आयोग की उच्च स्तरीय बैठक में इन दो राज्यों के अतिरिक्त जम्मू-कश्मीर और झारखंड के चुनाव कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
चुनाव आयोग ने संकेत दिया है कि वह शुक्रवार को हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर सकता है। हरियाणा में अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में 18 या 19 तारीख को मतदान कराया जा सकता है।
महाराष्ट्र में भी इसी दौरान मतदान कराए जाने की योजना है। जम्मू-कश्मीर और झारखंड में दिसंबर के अंतिम हफ्ते में चुनाव कराने की योजना है।
चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि सोमवार को हुई बैठक में चुनाव कार्यक्रमों और तैयारियों पर अंतिम चर्चा हुई। बैठक में शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम घोषित करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा आयोग ने चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया और इसकी तैयारियों पर संतुष्टि व्यक्त की है।