हैदराबाद में मेहदीपट्टनम के अति सुरक्षित सैन्य इलाके के भीतर जली हालत में 11 साल के एक बच्चे की आज निजी अस्पताल में मौत हो गई।
परिवार का आरोप है कि बच्चे को जिंदा जलाने की घटना में सेना के लोग शामिल थे। इस कारण कल शाम से ही पूरे क्षेत्र में तनाव फैला हुआ है।
पुलिस उपायुक्त वी सत्यनारायण ने आज बताया कि फिलहाल जांच के लिए टीम बना दी गई है और हालात नियंत्रण में हैं। परिवार का आरोप है कि बच्चे को सेना के जवानों ने आग के हवाले कर दिया था, जबकि सेना ने जांच के बाद पाया कि इस पूरे मामले में सेना का कोई जवान शामिल नहीं था।
पुलिस ने हालांकि बुधवार शाम को ही हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन सेना ने धारा 302 के तहत एफआईआर दर्ज करने की निंदा की है।
पुलिस ने बताया कि बच्चे को 90 फीसदी जली अवस्था में कल भर्ती कराया गया था। परिवार वालों का आरोप है कि बच्चे को केरोसिन डालकर आग के हवाले किया गया था। पुलिस ने फिलहाल फोरेंसिक जांच के साथ कई पहलुओं पर जांच बिठा दी है। लेकिन क्षेत्र में तनाव लेकिन शांतिपूर्ण हालात बने हुए हैं।