फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केजरीवाल से मिले अन्ना, अनशन तोड़ने की अपील

Sat, 30 Mar 2013 12:55 AM IST
नई दिल्ली/एजेंसी/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पिछले सात दिनों से अनशन कर रहे अरविंद केजरीवाल के भीतर शुक्रवार की रात उस समय नए जोश का संचार हो गया, जब अन्ना हजारे उनसे मिलने सुंदरनगरी पहुंचे।
विज्ञापन


आम आदमी पार्टी नेता केजरीवाल दिल्ली में बिजली और पानी के बढ़े दाम के खिलाफ यहां अनशन पर बैठे हैं। अपने मंच पर अन्ना को देखकर केजरीवाल भावविभोर दिखे। उन्होंने कहा कि अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच अन्ना ने हमारे लिए समय निकाला यह हम सभी के लिए बेहद खुशी की बात है।

दिल्ली पहुंचने के बाद केजरीवाल से मिलने पहुंचे अन्ना ने उनसे अनशन तोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार विरोध करने वालों को मरने देना चाहती है, लेकिन हमें मरना नहीं है, बल्कि लोगों को जगाना है। उन्हें उनका हक दिलाना है।
विज्ञापन


अन्ना ने कहा कि अरविंद केजरीवाल गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं और इस लड़ाई को हमें मिलकर लड़ना है। साथ ही उन्होंने कहा कि केजरीवाल और उनके रास्ते अलग जरूर हैं, लेकिन उनकी मंजिल एक है। अन्ना कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे एक-दूसरे का साथ देंगे।

उपवास पर बैठे अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को फिर कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी में बिजली-पानी की बढ़ती कीमतों की असली वजह शीला दीक्षित सरकार का भ्रष्टाचार है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को कहीं भी खुली बहस की चुनौती भी दी।

अरविंद केजरीवाल शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री के 24 घंटे बनाम 8 घंटे की बिजली सप्लाई पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त रहे थे। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों से साफ है कि सप्लाई के आधार पर बिलों की बढ़ोत्तरी का शीला दीक्षित का बयान गलत व भ्रामक है।

इसकी असली वजह उनकी सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार है। अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि उनकी तरफ से पेश गए दस्तावेज दुरूस्त हैं। इसके लिए वह मुख्यमंत्री से आम लोगों के बीच कहीं भी उनसे बहस कर सकते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को जल बोर्ड के कुछ कर्मचारियों ने जानकारी दी है कि शीला दीक्षित ने पानी को साफ करने के लिए विदेशी कंपनियों से समझौता किया है।

इसके मुताबिक कंपनियों को हजारों लीटर पानी की सप्लाई या तो मुफ्त या एक रूपए की दर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर यही पानी आम लोगों को दिया जाता तो एक परिवार का महीने का पानी का बिल पांच रूपए होता।

बता दें कि शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के अनिश्चितकालीन उपवास का सातवां दिन था। खून में कीटोन की मात्रा में कमी आने के साथ शुक्रवार को उनकी हालत स्थिर बताई गई।

वहीं आंदोलन के समर्थकों की संख्या चार लाख के करीब पहुंच गई है। हालांकि अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि फार्म भरवाने में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी सच्चाई आंदोलन का इकलौता हथियार है। मतलब इससे नहीं कि हजार फार्म भरे गए या पांच-दस लाख। क्या होगा इससे? इसकी जगह हमारा मकसद दिल्ली की जनता में इतनी हिम्मत भरना है कि अपने खिलाफ हो रही नाइंसाफी के खिलाफ आवाज उठाएं।

उपवास का नामचीन हस्तियों का समर्थन
बिजली-पानी असहयोग आंदोलन का देश की नामचीन हस्तियों ने समर्थन किया है। साथ ही दिल्ली सरकार से अपील भी की कि इस दिशा में तुरंत कार्रवाई की होनी चाहिए।

इसमें जस्टिस कृष्णा अय्यर, पूर्व नेवी प्रमुख एडमिरल रामदास और तहिलियानी, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त जेएम लिंगदोह, राष्ट्रीय ज्ञान आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष डा. पीएम भार्गव समेत एक दर्जन से ज्यादा लोग शामिल हैं।

इन लोगों ने एक संयुक्त बयान में कहा है कि केजरीवाल पिछले सात दिनों से उपवास पर हैं। दस्तावेजों के जरिए अरविंद से नाजायज लूट का खुलासा किया है। इसमें सत्ता पक्ष और निजी कंपनियों के इस भ्रष्ट गठबंधन पर विपक्ष भी सालों से चुप्पी साधे था।

वहीं आम आदमी का मनोबल बढ़ाने के लिए अरविंद केजरीवाल संघर्ष कर रहे हैं। इस हालातों में हम सभी असहयोग आन्दोलन को अपना समर्थन दे रहे हैं।

साथ ही दिल्ली सरकार और सम्बंधित विभागों से मांग हमारी मांग है कि आंदोलन के जरिये सामने लाई गई बिजली और पानी के बिलों की समस्या पर ध्यान दें और उन्हें सुधारने की दिशा में तुरंत कार्रवाई हो।

दूसरे लोगों ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एससी बेहर, डा. एके गोपाल कृष्णा, ईएएस शर्मा, बिनायक सेन, एसपी उदयकुमार, अमित बिधूड़ी, ललित रामदास, मधु भादुड़ी, रवि चोपड़ा, प्रफुल्ल और कमल जसवाल शामिल हैं।
विज्ञापन


समर्थकों की संख्या चार लाख के करीब
पार्टी का दावा है कि बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने के लिए बृहस्पतिवार को 1,00,396 लोगों ने शपथ ली। इससे यह संख्या बढ़कर 3,75,040 पहुंच गयी। पार्टी के मुताबिक करीब 3000 पार्टी कार्यकर्ता अपने घरों को लघु असहयोग केंद्रों में तब्दील कर देंगे वहीं 264  असहयोग केंद्र पहले ही चल रहे हैं। इसके अलावा राजधानी के सीमावर्ती इलाकों से करीब 500 कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही सभी वार्डों में रिक्शों के जरिए अभियान शुरू किया गया है।

हेल्थ कार्ड
ब्लड प्रेशर: 108/66
पल्स रेट: 67
शुगर: 123
कीटोन: 2+
सात दिन में भार हुआ 59 किलोग्राम
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें