भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरने से पहले समाजसेवी अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि मोदी किसानों और गरीबों के बारे में नहीं बल्कि सिर्फ उद्योगपतियों के बारे में ही सोचते हैं।
अन्ना ने कहा कि जब से मोदी पीएम बने हैं तब से सिर्फ उद्योगपतियों के ही ‘अच्छे दिन’ आए हैं। उन्होंने सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण के संबंध में बहुमत से किसानों की सहमति के प्रावधान को हटाने की आलोचना करते हुए कहा कि यह उद्योग समूहों के कहने पर उठाया गया कदम है।
अन्ना ने कहा कि ऐसी नीतियों से भारत का भविष्य बेहतर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मोदी की लोकप्रियता में कमी आई है। अन्ना ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका पूर्व साथी अपनी योजनाओं को लागू कर राजधानी को ‘मॉडल सिटी’बनाएगा। हजारे 23 और 24 फरवरी भूमि अधिग्रहण बिल के विरोध में किसान संगठनों के साथ जंतर-मंतर पर धरना देंगे।