नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ेंगे या नहीं, भाजपा ने इस मुद्दे पर अब तक फैसला नहीं किया है। उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी अमित शाह ने ये बात एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कही।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी किसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, पार्टी में इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। शाह खुद चुनाव लड़ेंगे या नहीं? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस बारे वक्त आने पर फैसला किया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की रैलियों में बुर्के और टोपी पहनकर आने की बात भाजपा ने कभी नहीं कही। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कोई आदेश या पत्र मीडिया के हाथ लगा है तो वह पार्टी की ओर से नहीं भेजा गया था।
शाह ने कहा कि भाजपा ने बुर्का या टोपी पहनने को कभी नहीं कहा। संभवतः किसी कार्यकर्ता ने ऐसा किया हो।
जांच के निशाने पर केवल मैं और मोदी
गुजरात में हो रहे फर्जी एनकांउटरों की जांच के संबंध में उन्होंने कहा, 'मैं जिस कालखंड में गुजरात में गृहमंत्री था, पूरे देश में उस समय 1800 एनकाउंटर हुए। एनकाउंटर के मामले में गुजरात का देश में नीचे से चौथा स्थान था। फिर भी जांच गुजरात के मामलों में ही हो रही है।'
उन्होंने कहा कि फर्जी एनकाउंटर के जिन 18 मामलों की जांच हो रही है, उनमें 17 गुजरात के हैं। जबकि यूपी एनकाउंटर के मामले पहले स्थान पर है। महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है। लेकिन वहां के मामलों की जांच नहीं कराई गई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली और बिहार में भी एनकाउंटर हुए, लेकिन उनकी जांच नहीं कराई गई। शाह ने आरोप लगाया कि ये जांच केवल नरेंद्र मोदी और उन्हें निशाना बनाकर की जा रही है।