पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अमित शाह ने उत्तर पद्रेश के लोगों को गुजरात का सपना दिखाया।
जनता से सीधे संवाद करते हुए शाह ने गुजरात की चिकित्सा, पढ़ाई, सड़क की तुलना उत्तरप्रदेश से की।
उन्होंने लोगों को समझाया कि कैसे दुर्घटना होने के बाद गुजरात में सात मिनट में एंबुलेंस पहुंच जाती है और उत्तर प्रदेश में घंटों नहीं पहुंचती। शाह लगातार यही समझाते रहे कि नरेंद्र मोदी के आने के बाद ही विकास की कल्पना की जा सकती है।
नगला चंद्रभान में आयोजित दीनदयाल जयंती समारोह में पहुंचे शाह ने गुजरात की खुशहाली और उत्तर प्रदेश की बदहाली पर सवाल-जवाब किए।
पहले उन्होंने गुजरात का विकास मॉडल समझाया फिर जनता से मुखातिब हुए। उन्होंने पूछा यहां गांवों को बिजली मिलती है, लोगों ने कहां दर्शन दुर्लभ हैं। शाह ने कहा कि गुजरात में 24 घंटे बिजली हर गांव को मिलती है। उन्होंने पूछा ट्रॉमा सेंटर हर 40 किलोमीटर पर यहां है, जवाब आया नहीं।
गुजरात में ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक गांव के लिए ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था से अवगत कराते हुए शाह ने कहा कि वहां किसान कार से घूमता है और यहां बदहाल जिंदगी गुजारता है।
भाजपा शासित अन्य राज्यों की भी तारीफ
विकास और पिछड़ेपन को शाह ने गुजरात और उत्तरप्रदेश के खेमे में खड़ा किया। इसके बाद मोदी स्टाइल में जनता से संवाद स्थापित कर यही समझाने की कोशिश की कि प्रदेश की खुशहाली नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने में ही है।
उन्होंने भाजपा शासित अन्य राज्यों में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विकास की भी चर्चा की और कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमण सिंह दीनदयालजी के आदर्शों पर चल रहे हैं।